H1N1 फ्लू के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह, जानें लक्षण और बचाव के आसान तरीके

नई दिल्ली। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। इसी दौरान इन्फ्लुएंजा ए (H1N1) यानी स्वाइन फ्लू जैसे संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। स्वस्थ वयस्कों में यह संक्रमण आमतौर पर समय के साथ ठीक हो जाता है, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए H1N1 के लक्षणों और इससे बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया है। मंत्रालय के अनुसार, H1N1 के सबसे आम लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, शरीर या मांसपेशियों में दर्द और थकान शामिल हैं। कुछ मरीजों में मतली, उल्टी या दस्त जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

सामान्य फ्लू जैसा महसूस हो सकता है संक्रमण

H1N1 के सभी लक्षण हर व्यक्ति में दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है। कई बार संक्रमण की शुरुआत सामान्य फ्लू या वायरल जैसी ही होती है। ऐसे में शरीर में होने वाले बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है। अगर बुखार या खांसी के साथ शरीर में ज्यादा दर्द और कमजोरी महसूस हो रही है, तो पर्याप्त आराम करने के साथ शरीर को हाइड्रेट रखना महत्वपूर्ण है।

पानी, सूप और अन्य उपयुक्त तरल पदार्थों का सेवन करते रहना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। पर्याप्त आराम करने से शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है।

संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

H1N1 जैसे श्वसन संक्रमण से बचाव के लिए रोजमर्रा की कुछ आदतें बेहद कारगर हो सकती हैं।

  • हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोएं।
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें।
  • इस्तेमाल किए गए टिश्यू को उचित तरीके से फेंकें और इसके बाद हाथ साफ करें।
  • बीमार महसूस होने पर घर पर रहें।
  • संक्रमण फैलने से रोकने के लिए दूसरों के संपर्क में आने से बचें।

लक्षण लंबे समय तक रहें तो डॉक्टर से लें सलाह

बीमारी के दौरान अपनी सेहत पर नजर रखना बेहद जरूरी है। अगर लक्षण 5 से 6 दिनों में कम नहीं होते, लगातार बने रहते हैं या स्थिति बिगड़ती महसूस होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों में लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सा सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से भी संपर्क किया जा सकता है।

नोट: यह सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी है। गंभीर या बिगड़ते लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892