प्याज की बढ़ती कीमतों पर सरकार का बड़ा कदम, 35 रुपये किलो में बिक्री शुरू

नई दिल्ली। देश में बढ़ती प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने और बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। महाराष्ट्र के नासिक से सरकारी बफर स्टॉक लेकर ‘कांदा एक्सप्रेस’ विशेष मालगाड़ी दिल्ली पहुंच गई है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर समेत चेन्नई, कोलकाता और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों में बुधवार से उपभोक्ताओं को 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।

उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे के अनुसार, थोक और खुदरा बाजार में प्याज की लगातार आपूर्ति बढ़ने से कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। त्योहारों के सीजन और मौसमी कारणों से देश के कई हिस्सों में प्याज के खुदरा दाम 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे।

सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बफर स्टॉक से प्याज रियायती दर पर बेचने का फैसला किया है। इसकी बिक्री नैफेड (NAFED), एनसीसीएफ (NCCF), सरकारी स्टॉलों और मोबाइल वैन के माध्यम से की जाएगी।

कीमतों में अचानक बढ़ोतरी वाले क्षेत्रों में तेजी से प्याज पहुंचाने के लिए पहली बार रेलवे के जरिए ‘कांदा एक्सप्रेस’ का इस्तेमाल किया जा रहा है। नासिक से विभिन्न राज्यों के लिए भेजी जा रही विशेष मालगाड़ियों के माध्यम से थोक मंडियों में प्याज की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी।

सरकार का मानना है कि बफर स्टॉक से लगातार आपूर्ति होने पर जमाखोरी और सट्टेबाजी पर अंकुश लगेगा। इससे बाजार में प्याज की उपलब्धता बेहतर होगी और बढ़ती कीमतों से परेशान आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 791