अमलेश्वर,पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए विभिन्न प्रकोष्ठों में संयोजकों एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में तेलीगुंडरा परिक्षेत्र से पत्रकार करन साहू को तहसील साहू संघ पाटन में मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।साथ में झीट परिक्षेत्र से उफरा निवासी हितेश साहू और तेलीगुंडरा परिक्षेत्र से मटंग निवासी मनोज कुमार साहू को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
करन साहू लंबे समय से साहू समाज से जुड़कर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते आ रहे हैं। उन्होंने तत्कालीन तहसील अध्यक्ष अश्वनी साहू के प्रथम कार्यकाल में स्थानीय साहू समाज कौही के उपाध्यक्ष के रूप में समाज सेवा की शुरुआत की। इसके बाद तत्कालीन तहसील अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू के कार्यकाल में संयुक्त सचिव के रूप में तहसील स्तर पर सामाजिक गतिविधियों में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
समाज सेवा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए करन साहू ने प्रदेश साहू समाज के आईटी सेल प्रकोष्ठ, दुर्ग संभाग में संगठन सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में उन्हें प्रदेश साहू समाज आईटी सेल प्रकोष्ठ में दुर्ग संभाग संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में अब तहसील साहू संघ पाटन द्वारा उन्हें मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय करन साहू के अनुभव और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहने को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके माध्यम से तहसील साहू संघ की सामाजिक गतिविधियों, आयोजनों एवं समाजहित से जुड़े कार्यों को मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।
करन साहू की नियुक्ति पर तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष दिनेश साहू, उपाध्यक्ष डूलेश्वर साहू एवं श्रीमती विमला साहू, संगठन सचिव सुरेंद्र साहू एवं श्रीमती भूनेश्वरी साहू, महासचिव महेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष गुमान साहू, न्याय प्रकोष्ठ संयोजक गंगादीन साहू, युवा संयोजक डीजेंद्र साहू सहित समाज के वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

