दुर्ग में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 14.370 ग्राम नशे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग: शहर में सूखे नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने चिट्टा जैसे मादक पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 14.370 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन समेत करीब 1 लाख 68 हजार 300 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग के आगे नलघर के पास दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने विकास यादव के पास से 7.370 ग्राम चिट्टा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 78 हजार 300 रुपये बताई गई है। वहीं दूसरे आरोपी फयाज खोखर उर्फ सोहेल के कब्जे से 7 ग्राम चिट्टा मिला, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपियों से बरामद चिट्टा की कुल मात्रा 14.370 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 48 हजार 300 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 68 हजार 300 रुपये है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की बिक्री या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 757