रुक्मिणी विहार में बड़ा हादसा, शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत

वृंदावन। धर्मनगरी के रुक्मिणी विहार में निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में देर रात बड़ा हादसा हो गया। ओमेक्स की निर्माणाधीन साइट पर दूसरी मंजिल की छत और छज्जे की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग और निर्माण सामग्री नीचे आ गिरी। मलबे की चपेट में आने से चार मजदूर दब गए। इनमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आलम और रिफ्यूल तथा नेपाल निवासी शिवराम के रूप में हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

परिजनों ने कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायल मजदूर के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मृतक मजदूरों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रात में चल रहा था ढलाई का काम

ओमेक्स कंपनी के जनरल मैनेजर आरके जैन ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि घटना के वक्त निर्माण स्थल पर रात में ढलाई का काम चल रहा था। उनके मुताबिक, मौके पर करीब 10 से 12 मजदूर काम कर रहे थे और हादसे से चार मजदूर प्रभावित हुए।

कंपनी के अनुसार, परियोजना में दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस सात मंजिला इमारत का निर्माण प्रस्तावित है। फिलहाल हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और शटरिंग गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 753