रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब (Depression) प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर आगे बढ़ सकता है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 204.5 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश को अत्यधिक भारी वर्षा की श्रेणी में रखा जाता है।
सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में भी हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
प्रमुख स्थानों की बात करें तो अंबिकापुर में 64.8 मिमी, लालपुर (रायपुर) में 58 मिमी और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 28.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश
हालांकि, मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने के बावजूद पूरे प्रदेश में अब तक कुल मानसूनी बारिश सामान्य औसत से करीब 9 फीसदी कम दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो पेंड्रारोड में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

