ग्राम रौंदा में चोरी की वारदातों का खुलासा, लाइनमैन करन मानिकपुरी गिरफ्तार

धमधा। थाना क्षेत्र के ग्राम रौंदा और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। एक के बाद एक चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आखिरकार CCTV फुटेज में मिले एक अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने करन मानिकपुरी, जो लाइनमैन बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया।

धमधा थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाइक नजर आई। इस बाइक की खास पहचान उसके पीछे लगी नीले रंग की लाइट थी। पुलिस ने CCTV फुटेज में दिखाई दे रही बाइक और नीली लाइट को अहम सुराग माना। इसके बाद संदिग्ध बाइक की तलाश शुरू की गई और CCTV में दिखाई दे रही नीली लाइट का मिलान किया गया।

मिलान के बाद पुलिस की जांच करन मानिकपुरी तक पहुंची। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि करन मानिकपुरी लाइनमैन के रूप में काम करता है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका रही है या नहीं।

गौरतलब है कि रौंदा और आसपास के क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को पंजाब केसरी ने प्रमुखता से उठाया था। खबर के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार CCTV फुटेज में दिखाई दे रही बाइक की नीली लाइट चोर तक पहुंचने की अहम कड़ी साबित हुई।

पुलिस की कार्रवाई के बाद रौंदा और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अब आरोपी से पूछताछ के बाद चोरी की अन्य वारदातों के भी खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759