रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में अगले दो दिनों तक कुछ नरमी रहने की संभावना है। भारी बारिश का दौर थमने के बाद कई इलाकों में दिन के समय धूप खिल सकती है। इससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से 13 से 15 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
16 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 16 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
13 से 15 अगस्त तक फिर बढ़ेगी बारिश
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के हिस्सों से गुजर रहा मानसून ट्रफ आगे बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम भी प्रदेश में बारिश को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
13 से 15 अगस्त के दौरान छत्तीसगढ़ के कई संभागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने और कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।
धूप के साथ बढ़ेगी उमस
अगले एक-दो दिनों में व्यापक बारिश कम होने से कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप निकल सकती है। वातावरण में पहले से मौजूद नमी और बढ़ते तापमान के कारण उमस भरी गर्मी और बेचैनी बढ़ सकती है। हालांकि, दोपहर या शाम के समय स्थानीय स्तर पर बादल बनने और गरज-चमक के साथ अचानक हल्की बारिश होने का सिलसिला जारी रह सकता है।

