दुर्ग के पाटन में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खाद-कीटनाशक के 4 गोदाम सील

दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र में कृषि विभाग ने अवैध रूप से खाद और कीटनाशक के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमलेश्वर के वृंदावन नगर में छापेमारी के दौरान बिना लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों के कृषि सामग्री का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया। कार्रवाई के दौरान विभाग ने चार गोदामों को सील कर दिया है।

जांच के दौरान टीम ने 50 से अधिक प्रकार की कृषि सामग्री जब्त की है। इसमें बड़ी मात्रा में कीटनाशक और जैव उर्वरक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई में 10 हजार लीटर से अधिक कीटनाशक जब्त किया गया है। इसके अलावा भारी मात्रा में जैव उर्वरक भी बरामद किए गए हैं।

शिवालय और कॉर्टेक्स एग्रो साइंस से जुड़ी सामग्री मिली

छापेमारी के दौरान शिवालय क्रॉप साइंस और कॉर्टेक्स एग्रो साइंस से जुड़ी कृषि सामग्री भी मिली। जांच के दौरान टीम को एक्सपायरी सामग्री, खाली रैपर और पैकिंग से संबंधित सामान भी बरामद हुआ है। इससे कृषि सामग्री की अवैध री-पैकिंग किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

संचालकों को नोटिस, सैंपल जांच के लिए भेजे

कृषि विभाग ने दोनों कंपनियों से जुड़ी सामग्री को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया है। जब्त सामग्री के नमूने आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कृषि सामग्री का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस और नियमों के विपरीत कृषि सामग्री का भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 775