नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से 15 अगस्त को आन-बान-शान के साथ मनाने, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और विकसित भारत का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आइए, हर घर तिरंगा को हर घर में एक उत्सव के रूप में मनाएं। 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए, हर घर पर तिरंगा लहराइए।”
संसद में ‘मंगल मिलन’ के दौरान गूंजा ‘वंदे मातरम्’
इससे पहले मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित एनडीए संसदीय दल के ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई नेता हाथों में तिरंगा लेकर नजर आए। इस दौरान सांसदों ने ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए।
पीएम मोदी द्वारा साझा किए गए वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता दिखाई दिए। सभी नेताओं ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रगान और राष्ट्रभक्ति के भाव को प्रदर्शित किया।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने भी किया समर्थन
प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का राष्ट्रपर्व बनाने की अपील की।
रेखा गुप्ता ने कहा कि हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराए, वीरों के बलिदान को याद करे और राष्ट्रगौरव के इस उत्सव को हर गली और हर कॉलोनी तक पहुंचाए। उन्होंने लोगों से 9 से 17 अगस्त तक चल रहे अभियान से जुड़ने की अपील भी की।
उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्षों के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करने का भी आह्वान किया।
सीएम धामी बोले- राष्ट्रगौरव की भावना होगी मजबूत
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद भवन परिसर में आयोजित ‘मंगल मिलन’ बैठक के दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओतप्रोत दृश्य देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि एनडीए नेताओं द्वारा एक साथ तिरंगा लहराने और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करने का दृश्य हर देशवासी के हृदय में गर्व की भावना को और मजबूत करता है।
भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने बताया गौरवपूर्ण क्षण
भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने भी सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि हाथों में तिरंगा, कंठ में ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष और मन में राष्ट्रभक्ति का भाव इस आयोजन को खास बनाता है।
देशभर में आयोजित हो रहे ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई जगहों पर बाइक रैली और अन्य देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान लोग स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री ने भी देशवासियों से इस अभियान को महज एक कार्यक्रम के बजाय राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है।

