पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही वनमंडल में देर रात तीन हाथियों के कन्या छात्रावास परिसर में घुसने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि परिसर में लगे कटहल के पेड़ों पर पके फलों की खुशबू से आकर्षित होकर हाथियों का दल छात्रावास तक पहुंचा। हाथियों ने परिसर की बाउंड्रीवाल को कई जगह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा है।
हाथियों के छात्रावास परिसर में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर निगरानी शुरू कर दी। छात्रावास में रह रहे 58 बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रात करीब 12 बजे सभी को दूसरे छात्रावास में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया गया। राहत की बात है कि घटना में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
पांच जगह से तोड़ी बाउंड्रीवाल
हाथियों ने कन्या छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब पांच स्थानों पर क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी हाथियों द्वारा इस परिसर की बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाया जा चुका है। बार-बार हाथियों के परिसर में पहुंचने से छात्रावास में रहने वाले बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कटहल की खुशबू से पहुंचे हाथी
वन विभाग के अनुसार छात्रावास परिसर में लगे कटहल के पेड़ों पर पके हुए फल मौजूद थे। पके कटहल की तेज खुशबू हाथियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने दिन निकलने पर परिसर में लगे पेड़ों से पके कटहल को तोड़कर हटा दिया, ताकि हाथियों के दोबारा परिसर में आने की संभावना कम की जा सके।
रातभर निगरानी में जुटी रही वन विभाग की टीम
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने रातभर इलाके में निगरानी की। टीम ने हाथियों को छात्रावास और आसपास के आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने का प्रयास किया।
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के आसपास न जाएं और उन्हें देखने के लिए भीड़ न लगाएं। हाथियों से छेड़छाड़ करने या उनके नजदीक जाने से गंभीर हादसा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से वन्य हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
