पखांजूर/गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कुमनार जंगल क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सली नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई मान रही हैं।
गुप्त सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुमनार के जंगलों में नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री जमीन के भीतर छिपा रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए हथियार और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई।
14 हथियार और IED बरामद
सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान कुल 14 हथियार जब्त किए हैं। इनमें एसएलआर, .303 रायफल, 12 बोर रायफल, सिंगल शॉट रायफल और बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में आईईडी (IED), एसएलआर की मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
बड़ी वारदात की थी आशंका
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इन हथियारों और विस्फोटकों को किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना के तहत छिपाकर रखा था। समय रहते हथियारों का यह जखीरा बरामद होने से सुरक्षा बलों ने संभावित खतरे को टाल दिया है।
इलाके में सर्च अभियान जारी
बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार आसपास के जंगलों में नक्सलियों के अन्य ठिकानों और छिपाए गए हथियारों की तलाश जारी है। जब्त सामग्री की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि इसके नेटवर्क और संभावित उपयोग की जानकारी जुटाई जा सके।

