PNB Recruitment 2026: पंजाब नेशनल बैंक में 545 पदों पर भर्ती, 9 अगस्त तक करें आवेदन

नई दिल्ली। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO–JMGS-I) के 545 पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 9 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है।

उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट pnb.bank.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों के लिए की जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान और बैंकिंग क्षेत्र में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए।

एक जुलाई 2026 के अनुसार अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को पांच वर्ष तथा ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष की छूट मिलेगी।

इतनी मिलेगी सैलरी

चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये से लेकर 85,920 रुपये तक का बेसिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (LLPT) और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन शुल्क

एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 59 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अन्य सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये शुल्क देना होगा।

ऐसे करें आवेदन

सबसे पहले पीएनबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद ‘Recruitments/Careers’ सेक्शन में जाकर ‘New Registration’ पर क्लिक करें। आवेदन फॉर्म भरने के बाद फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करें। शुल्क जमा करने के बाद सभी जानकारी जांचकर फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 761