नई दिल्ली। भारतीय नौसेना (Indian Navy) में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। नौसेना ने जून 2027 (AT-27) बैच के लिए शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) ऑफिसर के 275 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 27 जुलाई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती अभियान के तहत विभिन्न शाखाओं में पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें एग्जीक्यूटिव ब्रांच (जनरल सर्विस/हाइड्रो कैडर) – 90 पद, इलेक्ट्रिकल ब्रांच – 32 पद, पायलट – 25 पद, सबमरीन टेक्निकल (इंजीनियरिंग) – 24 पद, नेवल एयर ऑपरेशंस ऑफिसर (ऑब्जर्वर) – 18 पद, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर – 15 पद, नेवल आर्मामेंट इंस्पेक्टोरेट कैडर – 14 पद, लॉजिस्टिक्स – 10 पद, इंजीनियरिंग ब्रांच – 8 पद, सबमरीन टेक्निकल (इलेक्ट्रिकल) – 8 पद, नेवल कंस्ट्रक्टर – 8 पद और एजुकेशन ब्रांच – 5 पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवारों के पास संबंधित पद के अनुसार BE/B.Tech, MSc, MCA, MBA या MA की डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना आवश्यक है। अंतिम वर्ष के छात्र भी निर्धारित शर्तों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का जन्म 2 जुलाई 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना चाहिए। हालांकि, अलग-अलग शाखाओं के अनुसार आयु सीमा में कुछ अंतर हो सकता है।
आवेदन शुल्क नहीं
इस भर्ती प्रक्रिया में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। यानी General, OBC, SC और ST किसी भी श्रेणी के उम्मीदवार को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा के बिना किया जाएगा। BE/B.Tech या अन्य निर्धारित डिग्री में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों को SSB इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। SSB में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होगा, जिसके बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
आकर्षक वेतन
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-10 के तहत ₹56,100 प्रति माह मूल वेतन मिलेगा। महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाओं को मिलाकर शुरुआती ग्रॉस सैलरी लगभग ₹1.20 लाख प्रति माह होगी।

