रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार के बेकाबू होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर हुई इस दुर्घटना में कई दोपहिया वाहन चालक और राहगीर कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी। सुबह करीब 10 बजे फ्लाईओवर से गुजरते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई। सबसे पहले उसने सड़क पर चल रहे बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिसके बाद कई राहगीर भी उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

