लोकार्पण हुआ, लेकिन नहीं बदली तस्वीर: जर्जर भवन में चल रही धमधा तहसील

  • किसान बंधु संगठन ने विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन, वर्षा ऋतु में स्पार्किंग व करंट फैलने की जताई आशंका- बाबा टेकसिह चंदेल किसान नेता

धमधा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए तहसील भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किए जाने के बावजूद आज तक धमधा तहसील कार्यालय का नए भवन में स्थानांतरण नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप आम जनता और कर्मचारी आज भी वर्षों पुराने जर्जर भवन में काम करने को मजबूर हैं।

वर्तमान तहसील कार्यालय की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है। भवन में जगह का अभाव, बैठने की अपर्याप्त व्यवस्था, भीड़भाड़ और अन्य अव्यवस्थाओं के कारण प्रतिदिन दस्तावेज़ी कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को घंटों परेशान होना पड़ता है। बारिश के मौसम में भवन की जर्जर स्थिति लोगों की चिंता और बढ़ा देती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नए भवन के लोकार्पण के समय उम्मीद जगी थी कि जल्द ही तहसील कार्यालय नई बिल्डिंग में संचालित होगा, लेकिन समय बीतने के बाद भी भवन उपयोग में नहीं आ पाया। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि यदि नए भवन में फर्नीचर, बिजली, नेटवर्क या अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शेष हैं तो उन्हें तत्काल पूरा कर कार्यालय का स्थानांतरण किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण में शासकीय सेवाएं मिल सकें।

अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर नई तहसील भवन का इंतज़ार कब समाप्त होगा और जनता को जर्जर भवन की परेशानी से कब राहत मिलेगी।

निकेत ताम्रकार की कलम से..

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 399