नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में NEET पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार जारी है। विपक्ष की ओर से इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग को लेकर हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार पहले दिन से ही NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चर्चा संसद के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार होनी चाहिए तथा इसकी तिथि, समय और प्रारूप सभी दलों के फ्लोर लीडर्स से चर्चा के बाद तय किया जाना चाहिए। सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीर और सार्थक बहस चाहती है।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्रों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए और कहा कि अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने इस विषय पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की।
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और अखिलेश यादव के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जब सरकार स्वयं चर्चा के लिए तैयार है तो सदन में हंगामा और नारेबाजी का कोई औचित्य नहीं है। बावजूद इसके विपक्षी सांसदों का शोर-शराबा जारी रहने पर अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। राज्यसभा में भी समान स्थिति बनी रही, जिसके चलते वहां की कार्यवाही भी निर्धारित समय तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

