नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपना अनशन समाप्त करें, क्योंकि लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 25 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और देश को उनकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारी निभाएंगे और वांगचुक को अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से अधिक समय से छात्र शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि हाल की घटनाओं में छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया, जिसके बाद सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
दीपके ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों से भी शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए शांतिपूर्ण मार्ग पर चलता रहेगा और किसी भी तरह की हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि से दूर रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक छात्रों की मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग दोहराई।
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वांगचुक का अनशन अस्पताल में भी जारी है।

