धमधा। धमधा ब्लॉक के दारगांव में 22 जून को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 23 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। धमधा ब्लॉक की अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई में 5 जेसीबी मशीनों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
जानकारी के अनुसार, शासकीय भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण का मामला लंबित था। तहसीलदार मीना साहू द्वारा कई बार बेदखली नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नायब तहसीलदार योगेश राजपूत के नेतृत्व में अभियान चलाया।

जेसीबी मशीन ने अतिक्रमण को हटाया
कार्रवाई के दौरान 5 जेसीबी मशीनों ने एक साथ मोर्चा संभालते हुए अतिक्रमण को हटाया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग का अमला और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। यह संपूर्ण कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमधा के निर्देशन में संपन्न हुई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी भी कई स्थानों पर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बना हुआ है तथा कुछ जगहों पर शासकीय भूमि पर निर्माण कार्य भी किए गए हैं, जिन पर कार्रवाई होना बाकी है। ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण हटने से गांव के मवेशियों के लिए चरागाह भूमि उपलब्ध हो सकेगी, जिससे पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी।

5 जेसीबी मशीनों ने अतिक्रमण को हटाया

