घोठा में चना खरीदी केंद्र का शुभारंभ, किसानों में दिखा उत्साह


राज्य मंत्री जितेंद्र कुमार साहू, कलेक्टर अभिजीत सिंह रहे उपस्थित

धमधा क्षेत्र अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्यादित घोठा में चना खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जितेंद्र कुमार साहू (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अभिजीत सिंह (कलेक्टर दुर्ग) सहित कृषि विभाग के अधिकारीगण एवं अन्य विभागीय अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किसान भाई अपने चना विक्रय हेतु केंद्र पहुंचे और शासन की समर्थन मूल्य योजना का लाभ लेने के प्रति उत्साहित नजर आए।

मुख्य अतिथि जितेंद्र कुमार साहू ने अपने संबोधन में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा।

वहीं कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किसानों को चना खरीदी प्रारंभ होने पर बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रबी सीजन 2026-27 के तहत चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी 1 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक की जाएगी। शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। खरीदी प्रक्रिया NCCF के माध्यम से की जा रही है तथा किसानों को भुगतान आरटीजीएस के जरिए किया जाएगा।

खरीदी के पहले दिन घोठा समिति में 12 किसानों द्वारा कुल 337 क्विंटल दलहन (चना एवं अरहर) की खरीदी की गई। वहीं धमधा समिति में 3 किसानों से लगभग 50 क्विंटल चना एवं अरहर की खरीदी दर्ज की गई।

इस अवसर पर उप संचालक कृषि संदीप भोई, जिला विपणन अधिकारी राहुल सिंह, जिला सहकारी बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील वर्मा, वरिष्ठ कृषि अधिकारी धमधा विजय लहरें, डीके सिन्हा, तिलेंद्र साहू, संजय दिल्लीवार (पर्यवेक्षक), राजाराम पटेल (अध्यक्ष धमधा), सागर वर्मा (अध्यक्ष बरहापुर), तथा बनाऊ वर्मा (महामंत्री, भाजपा मंडल धमधा), भूपेंद्र मधरिया सहित सेवा सहकारी समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ और किसानों में खरीदी को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।


nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311