धमधा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बेहद दर्दनाक है, जहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो लोगों की एक भीषण सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने खुशियों के माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गिरोला थाना नंदिनी निवासी हरिश्चंद्र यादव (48 वर्ष), पिता माखन यादव तथा ग्राम खमतराई, बेरला निवासी पीतांबर उर्फ भोले (35 वर्ष), पिता झाड़ी राम, बरहापुर से धमधा की ओर एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार लक्ष्मी ट्रेवल्स की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि बस चालक के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
इस हृदयविदारक घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जहां एक ओर शादी की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त यातायात नियम लागू करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

