टीबी मुक्त भारत की ओर बढ़ता कदम: धमधा स्वास्थ्य केंद्र में 17 मरीजों को पोषण आहार वितरण

आदर्श शर्मा धमधा (दुर्ग)।
टीबी उन्मूलन की दिशा में एक और सकारात्मक पहल करते हुए विकासखंड धमधा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा में पंजीकृत 17 क्षय रोग (टीबी) मरीजों को पोषण आहार से युक्त फूड बास्केट वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों में पोषण एवं प्रोटीन की कमी को दूर कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को सुनिश्चित करना रहा।

यह पहल डॉ. मनोज दानी (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग) के मार्गदर्शन में तथा डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव (जिला क्षय नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी) एवं डॉ. रचना अग्रवाल (खंड चिकित्सा अधिकारी, धमधा) के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसटीएलएस मोहम्मद फारुख खान की विशेष भूमिका रही।

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस वितरण कार्यक्रम में समाजसेवी रमेश चंद्र जैन ने मरीजों को गोद लेकर फूड बास्केट प्रदान की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डॉ. प्रफुल्ल धीवर ने मरीजों को संबोधित करते हुए बताया कि नियमित दवा सेवन के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और पूर्ण उपचार लेने की अपील की, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि समय पर जांच, समुचित उपचार और पोषण सहयोग के माध्यम से देश को शीघ्र टीबी मुक्त बनाया जा सके।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में अधिकारियों ने मरीजों से चिकित्सकीय परामर्श का नियमित पालन करने और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311