धमधा:
धमधा नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों और गंभीर अपराधों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। पिछले दो महीनों में दर्जनों चोरी की घटनाओं से पूरा शहर दहशत के माहौल में है। आम नागरिकों का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रही है।
आज पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धमधा राजीव गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धमधा थाने के सामने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राजीव गुप्ता ने कहा कि पिछले छह माह में धमधा थाना क्षेत्र में 15 से 20 चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द ही कार्रवाई तेज नहीं की तो आने वाले समय में धरना, चक्का जाम जैसे आंदोलनात्मक हालात निर्मित हो सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर में एसडीओपी का कार्यालय होने के बावजूद पुलिस की पकड़ कमजोर पड़ चुकी है। अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है, जिसके कारण चोरी, मारपीट और अन्य असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
नगर के व्यापारी वर्ग ने भी इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई। नगर व्यापारी निर्मल जैन ने कहा कि धमधा पुलिस की कार्यशैली में कहीं न कहीं बड़ी चूक नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धमधा आज अपराधों का गढ़ बनता जा रहा है, जहां मारपीट, अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और अब बेतहाशा चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने दुर्ग जिला पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि धमधा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई तेज की जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात तक ढाबों, ठेलों और अस्थायी दुकानों का संचालन अपराध को बढ़ावा दे रहा है। वहीं पुलिस पेट्रोलिंग की कमी को भी अपराध बढ़ने का एक बड़ा कारण बताया गया।
प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव गुप्ता सहित शमशीर कुरैशी, अशोक कसार, विजय धीमर, आनंद धीमर, देवनाथ सोनकर, कलीम मोहम्मद कुरैशी, सुमंत ताम्रकार, महेंद्र यादव, अरुण साहू, रजत नायक, राधेश्याम साहू, नंद निर्मलकर, अविनाश मिश्रा, हिम्मत धीमर, निर्मल जैन, संदीप गुप्ता, आरिफ मोहम्मद कुरैशी, दीनू पटेल, अकिल कुरैशी, दुर्गा साहू, दुखवा पटेल, ज्वाला साहू, श्रवण साहू, अनिल साहू, विक्रांत बघेल, सत्कुमार निषाद, चुम्मन साहू, चंद्रशेखर वर्मा, कमलेश बंजारे, विनोद पटेल एवं बंटी राजपूत शामिल रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

