दुर्ग। दुर्ग से धमधा होते हुए बालोद, कवर्धा और बेमेतरा मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दुर्ग से धमधा तक करीब 40 किलोमीटर सड़क को फोरलेन में तब्दील करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सड़क की चौड़ाई मौजूदा करीब 7 मीटर से बढ़ाकर 14 मीटर की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सर्वे के बाद प्रस्ताव तैयार कर इसे डीपीआर शासन को भेज दिया है। बताया गया है कि वर्ष 2025-26 के बजट में इस मार्ग को शामिल किया गया है और इसे दुर्गामी योजना के तहत विकसित किया जाना है।
रोजाना 25 से 30 हजार वाहनों का दबाव
दुर्ग-बालोद-बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग की कुल लंबाई करीब 117 किलोमीटर है। इसमें दुर्ग जिले का लगभग 40 किलोमीटर हिस्सा शामिल है। धमधा के आगे तक आने वाले इस मार्ग पर रोजाना करीब 25 से 30 हजार वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम भारी यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है।
फोरलेन निर्माण के बाद सड़क की क्षमता बढ़ने से यातायात व्यवस्था में सुधार होने और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
चार पुलों की ऊंचाई और चौड़ाई भी बढ़ेगी
फोरलेन के साथ ही मार्ग में पड़ने वाले पुल-पुलियों का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। प्रशासन ने दुर्ग जिले के चार प्रमुख पुलों की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाने का निर्णय लिया है, क्योंकि बारिश के दौरान कुछ पुलों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है।
इसके लिए करीब 9.75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
– समोदा पुल – लंबाई करीब 90 मीटर, चौड़ाई 2 मीटर बढ़ाई जाएगी।
– ननकट्टी पुल – करीब 60 मीटर लंबा, ऊंचाई 2.5 मीटर बढ़ेगी।
– सिलोदा पुल – करीब 75 मीटर लंबा, ऊंचाई 1.5 मीटर बढ़ाई जाएगी।
– एक अन्य पुल – चौड़ीकरण एवं ऊंचाई बढ़ाने का कार्य प्रस्तावित।
धमधा क्षेत्र के लिए अहम सड़क परियोजना
फोरलेन बनने से दुर्ग से धमधा के बीच आवागमन सुगम होने के साथ बालोद, बेमेतरा और कवर्धा की ओर जाने वाले वाहनों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। परियोजना आगे बढ़ने के बाद सड़क चौड़ीकरण के साथ पुल-पुलियों का उन्नयन भी किया जाएगा।


