धमधा। IDBI बैंक ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसानों की क्रमिक भूख हड़ताल आज 25वें दिन भी लगातार जारी रही। 25 दिनों से किसान सड़क पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी बीच आंदोलन को रानी पदमा सिंह, और ग्रामीण युवा कांग्रेस दुर्ग के जिला अध्यक्ष, पूर्व सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य जयंत देशमुख का समर्थन मिला।
रानी पदमा सिंह ने कहा—अन्नदाता नहीं तो प्रदेश अधूरा
पूर्व राजनांदगांव सांसद एवं पूर्व खैरागढ़ विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह की पत्नी रानी पदमा सिंह ने आंदोलन स्थल पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि किसान हमारे जीवन का आधार हैं और अन्नदाता के बिना हमारा प्रदेश अधूरा है।
उन्होंने कहा कि कई किसान आर्थिक परेशानियों और बीमारी जैसी परिस्थितियों के कारण समय पर अपना ऋण नहीं चुका पाए। वहीं किसानों के बीच ऋण माफी की उम्मीद बनी रही, जिसके चलते कई किसानों ने अपना लोन नहीं चुकाया। समय के साथ ब्याज और अन्य देनदारियों के कारण किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता गया।
रानी पदमा सिंह ने कहा कि अन्नदाता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सरकार को किसानों की मांगों का समाधान करना चाहिए।
बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा—25 दिन बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि IDBI बैंक ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान पिछले 25 दिनों से लगातार क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठे हैं और सरकार एवं प्रशासन से समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं। यदि जल्द किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
जयंत देशमुख ने कहा—बैंक की गलतियों का खामियाजा भुगत रहे किसान
ग्रामीण युवा कांग्रेस दुर्ग के जिला अध्यक्ष, पूर्व सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य जयंत देशमुख ने आंदोलन स्थल पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों का कर्ज माफ किया गया था, लेकिन आज भी कई किसान ऐसे हैं जो बैंक की गलतियों और प्रक्रियागत चूक का खामियाजा भुगत रहे हैं।






जयंत देशमुख ने कहा कि किसानों की मांग जायज है, लेकिन सरकार और प्रशासन के हस्तक्षेप के बिना बैंक इन किसानों के साथ न्याय नहीं करेगी। सरकार को किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। यदि प्रशासन और सरकार समय रहते किसानों की समस्या पर ध्यान देते तो अन्नदाता को 25 दिनों तक सड़क पर भूख हड़ताल करने की स्थिति नहीं बनती।0

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें लंबे समय तक आंदोलन करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
इस मौके पर किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक अध्यक्ष आत्मा साहू , डॉ जोहन वर्मा, डॉ हर्ष साहू,चेतन देवांगन,नरसिंह मानिकपुरी,भानु साहू सुभाष साहू गोलू साहू मनसुख साहू बिसंभर साहू तेजराम साहू दुवासू साहू देवचरण साहू ओमप्रकाश पटेल पंचराम साहू इत्यादि किसान मौजूद रहे।


