दुर्ग पुलिस की बड़ी उपलब्धि: ‘साइबर जागृति’ अभियान को मिला राज्य में द्वितीय स्थान

दुर्ग। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए ‘साइबर जागृति’ अभियान को छत्तीसगढ़ राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत जिले में कुल 64,840 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 32,46,001 लोगों को लाभान्वित किया गया।

रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की उपस्थिति में दुर्ग पुलिस को यह सम्मान प्रदान किया गया। दुर्ग पुलिस की ओर से अभियान के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री मणिशंकर चन्द्रा ने पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

 स्कूलों से गांवों तक चलाया गया जागरूकता अभियान

दुर्ग पुलिस ने साइबर जागरूकता का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों, नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, डिजिटल भुगतान में धोखाधड़ी तथा बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के प्रति सतर्क किया गया।

 जनभागीदारी से मिली सफलता

दुर्ग पुलिस के इस अभियान में संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से भागीदारी निभाई। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर साइबर सुरक्षा को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

अभियान को राज्य स्तर पर मिला द्वितीय स्थान पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस तथा आम नागरिकों के बीच सहयोग मजबूत करने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिला है।

 दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्तियों के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे तथा [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराए।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325