धमधा। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री एवं पूर्व नगर पंचायत धमधा अध्यक्ष राजीव गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर धमधा में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी जनसैलाब उमड़ा। जन्मदिन समारोह में पूर्व कृषि मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने राजीव गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने राजीव गुप्ता की राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता, कांग्रेस संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन और क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में राजीव गुप्ता ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया।
शिवकुमार वर्मा ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमधा के अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा ने राजीव गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजीव गुप्ता लंबे समय से संगठन और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि लोगों का उनसे निरंतर जुड़ाव है।
इस अवसर पर राजीव गुप्ता ने कहा कि “जन-जन के नेता, विकास पुरुष आदरणीय रवींद्र चौबे जी का मेरे जन्मदिन पर आगमन मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। वहीं सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आमजन का जो प्यार और आशीर्वाद मुझे मिला है, वह मेरे लिए जीवन की बड़ी पूंजी है।”
उन्होंने कहा कि रवींद्र चौबे ने अपने कार्यकाल में पूरे क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी और साजा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि “रविंद्र चौबे जी जैसे देवतुल्य नेता ने क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई है। आने वाले वर्षों तक साजा विधानसभा में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की मिसाल बनी रहेगी।”
समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने रविंद्र चौबे और राजीव गुप्ता का अभिनंदन किया। राजीव गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और विश्वास उन्हें लगातार जनसेवा एवं संगठन के लिए काम करने की प्रेरणा देता रहेगा।


