सीमगा। ब्लॉक के ग्राम झीपन का मुख्य पहुंच मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई लोग वाहन से गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
ग्राम झीपन के मुख्य मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है। सड़क पर पानी भरा होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क के कुछ हिस्सों में लोहे की छड़ें भी बाहर निकल आई हैं। राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते इन छड़ों को नहीं हटाया गया तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत की जरूरत है।
झीपन-रावन मार्ग भी जर्जर
ग्राम झीपन से रावन पहुंच मार्ग की स्थिति भी खराब हो चुकी है। यह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। जगह-जगह गड्ढे, बारिश का पानी और उखड़ी सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को भरा जाए। साथ ही सड़क से बाहर निकली लोहे की छड़ों को हटाकर झीपन-रावन मार्ग की भी जल्द मरम्मत कराई जाए।
सरपंच ने दिया जल्द मरम्मत का आश्वासन
ग्राम पंचायत झीपन के सरपंच संतोष वर्मा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि आश्वासन के बाद सड़क की स्थिति कब सुधरती है। फिलहाल जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों के बीच ग्रामीणों का आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।


