डीओ यूनिट में फंसा सांप, करंट की चपेट में आने से मौत; 500 से अधिक घरों की बिजली बंद

भिलाई। बिजली के खंभे पर चढ़ा एक सांप 11 केवी लाइन और डीओ यूनिट के बीच फंस गया। करंट की चपेट में आने से सांप की मौत हो गई और इसके कारण इलाके में 500 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इनमें घरों के साथ दुकानें और अन्य व्यावसायिक परिसर भी शामिल रहे।

जानकारी के अनुसार रात में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने 11 केवी लाइन और आसपास लगे उपकरणों की जांच शुरू की, लेकिन काफी देर तक फॉल्ट का कारण पता नहीं चल सका। इसके बाद कर्मचारियों ने लाइन और उपकरणों की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान डीओ पोल पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा मरा हुआ सांप लटका हुआ मिला। बताया गया कि सांप डीओ यूनिट के बीच फंस गया था और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक सांप को हटाया और इसके बाद डीओ यूनिट तथा 11 केवी लाइन की जांच की गई।

जांच पूरी होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार अक्सर अजगर या अन्य सांप बिजली के खंभों पर ऊपर तक पहुंच जाते हैं, ऐसे में इस घटना के दौरान भी सांप डीओ यूनिट तक पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325