रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले महीनों में पुलिस विभाग में बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पुलिस मुख्यालय स्तर पर करीब 12 IPS अधिकारियों की पदोन्नति और तबादले को लेकर मंथन चल रहा है। पदोन्नति के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से उनकी सीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) समेत आवश्यक दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है।
बताया जा रहा है कि पदोन्नति की प्रक्रिया दिसंबर के अंत तक पूरी की जा सकती है। इसके साथ ही डीआईजी स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।
2013 और 2014 बैच के अधिकारियों को प्रमोशन
प्रस्तावित पदोन्नति में वर्ष 2013 बैच के IPS अधिकारियों जितेंद्र शुक्ला, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल और अभिषेक पल्लव का नाम शामिल है। इन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें जितेंद्र शुक्ला फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
वहीं वर्ष 2014 बैच के शलभ सिन्हा, भावना गुप्ता, डी. लालजी भाई पटेल और चंद्रमोहन सिंह को एसएसपी पद पर पदोन्नति मिलने की संभावना है। इसके अलावा रायपुर पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले को आईजी पद पर पदोन्नत किए जाने की तैयारी की जानकारी सामने आई है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
पदोन्नति के साथ ही राज्य में डीआईजी स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव की भी चर्चा है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, खैरागढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह और सरगुजा (अंबिकापुर) एसएसपी राजेश अग्रवाल समेत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना बताई जा रही है।
इनमें कुछ अधिकारी अपने मौजूदा पद पर दो साल से अधिक समय पूरा कर चुके हैं। ऐसे में आगामी प्रशासनिक फेरबदल में उनकी पदस्थापना बदले जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई कमिश्नरी पर भी नजर
पुलिस विभाग में प्रमोशन और तबादले के साथ बिलासपुर तथा दुर्ग-भिलाई में पुलिस कमिश्नरी के गठन को लेकर भी चर्चा तेज है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरी की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। हालांकि इसके औपचारिक गठन में अभी समय लगने की संभावना है।
माना जा रहा है कि आगामी बजट में कमिश्नरी के लिए प्रावधान किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो आने वाले महीनों में पुलिस विभाग में पदोन्नति, तबादले और नई कमिश्नरी व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मुख्यालय स्तर पर पदोन्नति और पदस्थापना से जुड़े प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। अंतिम सूची और आदेश जारी होने के बाद ही अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों की तस्वीर स्पष्ट होगी।


