कवर्धा। पुलिस भर्ती में न्याय और रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर चल रहा अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को 12वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के सामने धरना देने से रोकते हुए वहां से हटा दिया।
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को प्रदर्शन के लिए एक सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया गया। हालांकि, इस कार्रवाई से आंदोलनरत युवाओं में नाराजगी देखने को मिली। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
अभ्यर्थियों ने कहा कि पुलिस भर्ती में अभी भी करीब 1600 से 2000 पदों की सीटें रिक्त होने की बात सामने आ रही है। युवाओं की मांग है कि इन रिक्त पदों को जल्द भरा जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
धरना स्थल से हटाए जाने के बाद अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्तियां लेकर युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। युवाओं ने सरकार से मांग की कि बची हुई सीटों को जल्द से जल्द भरा जाए और पुलिस भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए।
अब देखना होगा कि 12 दिन से जारी इस आंदोलन के बाद सरकार और प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर क्या ठोस निर्णय लिया जाता है।

