रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। आतंकियों ने ईंट भट्ठे पर काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को निशाना बनाया, जिसमें उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दीपक रात्रे और सक्ती जिले के भूपेंद्र के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हमला शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कुलगाम से लगभग 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
रोजी-रोटी के लिए गए थे कश्मीर
दीपक रात्रे और भूपेंद्र दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कश्मीर गए थे। वे वहां एक ईंट भट्ठे में काम कर रहे थे। आतंकियों के इस हमले ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल हमलावरों तक पहुंचने के लिए इलाके में जांच कर रहे हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस आतंकी हमले ने एक बार फिर निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रोजगार की तलाश में घर से दूर गए मजदूरों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

