कॉमनवेल्थ मेडलिस्टों से मिले PM मोदी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा… ऑलवेज चियर फोर भारत।”

प्रधानमंत्री के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो की शुरुआत महिला 51 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि सभी कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्टों को प्रधानमंत्री ने मुलाकात के लिए बुलाया है और खिलाड़ियों को इस पर गर्व महसूस हो रहा है।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा, ऑलवेज चियर फोर भारत।” अपनी बात समाप्त करने के बाद उन्होंने खिलाड़ियों के साथ ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष भी किया।

भारत ने जीते 39 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। इनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

पुरुष और महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

भारतीय पुरुष एथलीट्स ने कुल 23 पदक जीते। इनमें 5 गोल्ड, 13 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। वहीं, महिला एथलीट्स ने 16 पदक हासिल किए, जिसमें 8 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल रहे।

बॉक्सिंग में भारत का दबदबा

कॉमनवेल्थ गेम्स के इस संस्करण में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत के सभी 10 बॉक्सर पदक जीतने में सफल रहे, जिनमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल शामिल हैं।

एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीते। इनमें 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे।

जूडो में पहली बार गोल्ड

जूडो में भी भारत ने इस बार ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारत के चार जूडो खिलाड़ियों ने पदक जीते। खास बात यह रही कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने जूडो का अपना पहला गोल्ड मेडल हासिल किया।

एक ही दिन अस्मिता डे (महिला 48 किग्रा) और हर्ष सिंह (पुरुष 60 किग्रा) ने जूडो में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 761