पीएम मोदी ने NDA संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में लिया हिस्सा, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। संसद लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, पंचायती राज एवं मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह सहित NDA के कई वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक की एक खास बात यह रही कि नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय पहली बार NDA संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए। बैठक से पहले उन्होंने कहा कि वह पहली बार इस बैठक में भाग ले रहे हैं और उनकी पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

हालांकि, पिछले सप्ताह हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में NCPI के तीन सांसद—अबू ताहिर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान—की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। विपक्षी दलों ने इसे मतभेद का संकेत बताया, जबकि NCPI ने ऐसी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी NDA के समर्थन के अपने फैसले पर कायम है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई बागी सांसदों ने NCPI में शामिल होकर NDA को समर्थन देने की घोषणा की थी।

बैठक के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गठबंधन के सांसदों को संबोधित किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) की उपलब्धियों और उनके रणनीतिक महत्व पर जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मत्स्य पालन क्षेत्र में सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

गौरतलब है कि NDA की यह साप्ताहिक बैठक ऐसे समय में हुई है, जब संसद का मानसून सत्र विभिन्न मुद्दों को लेकर काफी हंगामेदार बना हुआ है। परीक्षा सुधार, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चंदा मामले जैसे विषयों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में ‘मंगल मिलन’ बैठक को संसद सत्र के दौरान NDA की रणनीति और समन्वय को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 756