राजधानी में बार नियमों की उड़ रही धज्जियां, सुबह तक क्लब संचालन के आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर में बार और क्लबों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि VIP रोड स्थित कुछ क्लबों में निर्धारित समय-सीमा के बाद भी देर रात से लेकर सुबह तक बार संचालन किया जा रहा है। वहीं, दूसरे राज्यों से बार डांसर बुलाए जाने की भी बात सामने आ रही है।

क्लब के अंदर के कई वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा VIP रोड के क्लबों को रात करीब 11:30 बजे बंद कराया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ क्लबों में इसके बाद भी गतिविधियां जारी रहने के आरोप हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि निर्धारित समय के बाद क्लब और बार का संचालन नहीं होना चाहिए, तो सुबह तक कथित तौर पर गतिविधियां कैसे चलती रहती हैं? इस मामले में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ क्लब पहले भी संगीन वारदातों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। ऐसे में देर रात तक क्लब संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब देखना होगा कि सामने आए वीडियो और लगाए जा रहे आरोपों के बाद पुलिस एवं प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 761