धमधा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमधा ब्लॉक के ग्राम खैरझिटी में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से तिरंगा रैली निकाली, गांव में स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों ने इस बार गांव में ध्वजारोहण करने के बजाय तिरंगा यात्रा निकालकर धमधा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर ध्वजारोहण किया। बच्चों के साथ ग्रामीण और किसान बंधु संगठन के सदस्य भी शामिल रहे।
खैरझिटी का स्कूल भवन जर्जर होने के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में संचालित की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन में स्कूल संचालन के कारण पंचायत के कामकाज और बच्चों की पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत की बैठक होने पर बच्चों की कक्षाएं प्रभावित होती हैं, वहीं कक्षाएं संचालित होने के दौरान पंचायत का कामकाज प्रभावित होता है। ग्रामीण लंबे समय से नए स्कूल भवन की स्वीकृति और पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। जो अभि तक पुरि नहि हुई है ,स्कूल भवन नही होने के चलते धमधा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर ध्वजारोहण किया
धमधा बस स्टैंड से निकली तिरंगा यात्रा –
स्वतंत्रता दिवस पर खैरझिटी के बच्चे, पालक और ग्रामीण धमधा बस स्टैंड पहुंचे। यहां से तिरंगा यात्रा निकाली गई। बच्चों के हाथों में तिरंगा और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर थी। देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान के बाद बच्चों व ग्रामीणों को मिठाई वितरित की गई।
रैली की अनुमति को लेकर सामने आया विवाद –
कार्यक्रम को लेकर किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक के अध्यक्ष आत्मा साहू द्वारा संबंधित कार्यालयों में सूचना एवं अनुमति के लिए आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल का आरोप है कि धमधा तहसीलदार हुलेश्वर नाथ खूंटे द्वारा आवेदन और पावती लिए गए तथा आवेदनों को निरस्त करने की बात कही गई। इसके बाद किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने एसडीएम धमधा से बात करके अनुमति ली
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने तिरंगा रैली को लेकर प्रशासन की कथित रोक-टोक पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही थीं। खैरझिटी के बच्चे भी शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा यात्रा निकालकर स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहते थे। ऐसे में रैली को लेकर रोक-टोक किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
17 अगस्त से पेड़ के नीचे पढ़ाई का ऐलान –
स्कूल भवन की मांग को लेकर किसान बंधु संगठन और ग्रामीणों ने आंदोलन को आगे जारी रखने का निर्णय लिया है। संगठन के अनुसार आगामी 17 अगस्त से खैरझिटी में पेड़ के नीचे बच्चों की पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई बाधित करना उनका उद्देश्य नहीं है, विगत 3 साल से स्कुल मे ताला लगा है और पंचायत मे बच्चों की पढ़ाई हो रही है जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इसलिये सुरक्षित स्कूल भवन और पर्याप्त शिक्षक व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जायेगा।
अब नए स्कूल भवन की स्वीकृति का इंतजार –
प्रदेश मे पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर के दिन खैरझिटी के बच्चों द्वारा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर ध्वजारोहण किए जाने के बाद अब शासन-प्रशासन के सामने स्कूल भवन की समस्या के समाधान की चुनौती है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब तक बच्चे पंचायत भवन में पढ़ने को मजबूर रहेंगे और नए स्कूल भवन की स्वीकृति कब मिलेगी। अब देखना होगा कि खैरझिटी के जर्जर स्कूल भवन को लेकर शासन और शिक्षा विभाग कब तक ठोस निर्णय लेते हैं तथा बच्चों के लिए नए भवन और पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित की जाती है।
आज के आयोजन में किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक,जोहन वर्मा पूर्व जनपद सदस्य, डालेश्वरी वर्मा सरपंच खैरझिटी, ढालू वर्मा अध्यक्ष लोधी समाज सर्किल धमधा,मोती राम वर्मा पूर्व सरपंच,केवल वर्मा,नकुल उमरे,अनिल वर्मा,डोमार वर्मा,अमेलाल वर्मा,रंजीत वर्मा,दिगम्बर वर्मा,लिलेश वर्मा,विनोद उमरे,गिरीश साहू,भीष्मभर साहू,टेकराम वर्मा,मनसुख साहू,पंचराम साहू,सुभाष साहू, हेमराज साहू,गंगाराम कुर्रे,भानु साहू, तेजेश्वर सोनवानी,कमल नारायण सुपंथक, पेखन यादव,राजेंद्र वर्मा इत्यादि ग्रामीण जन क्षेत्रवासी बड़े संख्या में मौजूद रहे ।

