शहरों की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी ई-बसें, छत्तीसगढ़ में 240 बसों को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार प्रमुख शहरों के लिए स्वीकृत 240 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है। ई-बस सेवा की शुरुआत सबसे पहले दुर्ग-भिलाई से किए जाने की तैयारी है। इसके बाद बिलासपुर और रायपुर में भी सेवा शुरू करने की योजना है।

दुर्ग-भिलाई में तैयारियां पूरी

जानकारी के अनुसार दुर्ग-भिलाई में ई-बसों के संचालन के लिए जरूरी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। बसों के संचालन के लिए एजेंसी का चयन भी किया जा चुका है। ऐसे में यहां अगले कुछ समय में ई-बस सेवा शुरू होने की संभावना है।

वहीं राजधानी रायपुर में ई-बस संचालन के लिए डिपो और अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का काम अभी पूरा होना बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक रायपुर में भी करीब तीन महीने के भीतर ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। हालांकि, पहले इसे दिसंबर 2025 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन निर्धारित समय पर सेवा शुरू नहीं हो सकी।

चार शहरों के लिए 240 बसों की मंजूरी

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ के चार शहरों के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली थी। इनमें रायपुर को 100, बिलासपुर को 50, दुर्ग-भिलाई को 50 और कोरबा को 40 बसें आवंटित की गई हैं।

इन बसों के संचालन के लिए चार्जिंग डिपो, हाई-पावर बिजली कनेक्शन और अन्य तकनीकी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद

ई-बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलने के साथ शहरों में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसें डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम करेंगी और यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी।

फिलहाल प्रदेश के बड़े शहरों में यात्री पुरानी सिटी बसों और निजी वाहनों पर काफी हद तक निर्भर हैं। ऐसे में ई-बस सेवा शुरू होने के बाद सस्ती, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759