धमधा – ताम्रकार समाज द्वारा आयोजित आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन रविवार को तमेर पारा, धमधा में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम हैहयवंशी क्षत्रिय ताम्रकार समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें 7 नवदंपत्ति जोड़ों का विधि-विधान से विवाह कराया गया।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन विगत 22 वर्षों से लगातार किया जा रहा है और अपनी सादगी, सामाजिक एकता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में विशेष पहचान बना चुका है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में विवाह के अनावश्यक खर्चों को कम करना तथा जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना है।
समारोह में हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय बघेल (सांसद, दुर्ग लोकसभा), विशिष्ट अतिथि ईश्वर साहू (विधायक, साजा), जितेंद्र साहू (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड), श्वेता प्रशांत अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पंचायत धमधा) तथा पवन शर्मा (उपाध्यक्ष, जिला पंचायत) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने समाज के भवन निर्माण एवं बाउंड्रीवॉल के लिए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।कार्यक्रम में समाज के संरक्षक दाऊ मिनेशचंद ताम्रकार, श्रवण ताम्रकार, समाज के अध्यक्ष नीलकमल ताम्रकार (नीलू) एवं सचिव विमलचंद ताम्रकार सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।समाज के पदाधिकारियों द्वारा सभी नवदंपत्तियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाज के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

