दुर्ग। विश्व क्षय दिवस (24 मार्च 2026) के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ धमधा में किया गया। यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के दिशा-निर्देश एवं जिला क्षय नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का नेतृत्व खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रचना अग्रवाल द्वारा किया गया। अभियान का शुभारंभ नगर पंचायत धमधा के उपाध्यक्ष बृजेंद्र दानी एवं पार्षद लक्ष्मी नारायण यादव के करकमलों से हुआ।
अभियान के दूसरे चरण का मुख्य उद्देश्य टीबी के लक्षणों की पहचान, मरीजों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना, तथा ‘निक्षय पोषण योजना’ के तहत मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही ‘निक्षय मित्र’ पहल के माध्यम से मरीजों को पोषण आहार वितरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि टीबी मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की एक्स-रे एवं स्क्रीनिंग की जाएगी, मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जाएगा तथा उच्च जोखिम वाले ग्राम एवं वार्डों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। शिविरों के सफल आयोजन हेतु सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें सुपरविजन, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता दी गई है।
इस अवसर पर एसटीएलएस मोहम्मद फारुख खान ने अभियान की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

