धमधा।
धमधा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जामुल निवासी पुनित राम साहु (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुनित राम साहु किसी काम से धमधा आया हुआ था। इसी दौरान उसके ही एक मित्र, जो ट्रक चालक है, ट्रक लेकर सिरना भांठा स्थित धमधा चावल गोदाम पहुँचा हुआ था। मित्र ने पुनित को अपने साथ ट्रक में बैठा लिया। ट्रक में चावल लोड होने के बाद दोनों कोड़िया चावल गोदाम की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान चलती ट्रक में बैठा पुनित राम साहु अचानक ट्रक की खिड़की से नीचे गिर गया। गिरते ही वह ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धमधा थाना प्रभारी युवराज साहु ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिसे धमधा थाना के आरक्षक आलोक जेना एवं श्वेत साहु द्वारा ऑटो में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल ट्रक चालक ने धमधा थाना में स्वयं उपस्थित होकर आत्मसमर्पण किया है और पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।

