बोरी। बोरी तहसील कार्यालय में आधार कार्य देख रहे कर्मचारी लुकेश निषाद पर सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप समूहों में विवादित और राजनीतिक रूप से संवेदनशील नारे साझा करने का आरोप लगा है।
शिकायत के अनुसार, कर्मचारी द्वारा “चौकीदार को गेट पर भेजो”, “अंधभक्त”, तथा “पढ़े-लिखे लोगों को संसद में बैठाओ” जैसे नारे पोस्ट किए गए। ये नारे हाल के वर्षों में खासतौर से भारतीय जनता पार्टी एवं उसके समर्थकों से जुड़ी राजनीतिक अभिव्यक्तियों से संबंधित माने जाते रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष बीरबल पटेल ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि सरकारी सेवा से जुड़े व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की राजनीतिक टिप्पणियाँ करना शासकीय आचार-संहिता का उल्लंघन है। उनके अनुसार, ऐसी गतिविधियाँ न केवल कार्यालय की गरिमा को प्रभावित करती हैं, बल्कि नागरिकों में गलत संदेश भी प्रसारित करती हैं।
शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए ऐसे कर्मचारियों को तत्काल सेवा-कार्य से हटाने और शासकीय मर्यादा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए।


