धमधा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयूमो) ने धमधा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में उल्लेखनीय सक्रियता दिखाई। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान और भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के निर्देश पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बूथ–दर–बूथ पहुँचकर मतदाता सूची का निरीक्षण कर रहे हैं और नागरिकों को आवश्यक फॉर्म भरने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आरुणि दानी ने भी विभिन्न बूथों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, किए गए सुधारों तथा बीएलओ की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। दानी ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएँ और किसी को भी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने घर–घर पहुँचकर लोगों को फॉर्म–6, फॉर्म–7, और फॉर्म–8 की जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेज भरवाने में सक्रिय सहयोग किया। उनका कहना है कि अद्यतन और सटीक मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।
अभियान के दौरान युवा मोर्चा अध्यक्ष आदर्श शर्मा, तुषार राजपूत, डीसन सिन्हा, जितेंद्र साहू, अक्षत राजपूत और संजू ढिमर सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आगे भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित करने का संकल्प लिया।

