दीपावली पर मिठाइयों की डिमांड बढ़ी, मिलावट रोकने दुर्ग प्रशासन सतर्क, विशेष जांच अभियान शुरू

देशभर में त्योहारी सीजन चल रहा है. दीपावली का त्योहार करीब है. बाजार में सबसे ज्यादा खपत मिठाइयों और पटाखों की होती है. अक्सर ज्यादा मुनाफे के चक्कर में मिठाइयों में मिलावट की जानकारी लगातार आते रहती है. मिलावट के इस कारोबार पर लगाम लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग अब मैदान में उतर चुका है. दुर्ग जिले में भी विभाग के लोग लगातार मिठाई दुकानों से सैंपल लेकर उसकी जांच कर रहे हैं.

विशेष जांच टीम बनाई: त्योहार में खोया, पनीर और दूध की मांग लगातार बढ़ने से कारोबारियों के चेहरों पर रौनक है, लेकिन इसी बढ़ती मांग के साथ खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी का खतरा भी बढ़ गया है. संभावित खतरे को देखते हुए दुर्ग जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है. विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए विशेष जांच टीमें गठित की हैं, जो बाजारों में अचानक जांच कर रही है. विशेष रूप से मिठाई, दूध, खोया और पनीर के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता जांची जा रही है.

रायपुर भेजे जाते हैं सैंपल: विभाग का कहना है कि, नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है. शिकायत मिलने पर भी तत्काल कार्रवाई की जाती है. सभी लिए गए सैंपल रायपुर स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में भेजे जाते हैं, हालांकि रिपोर्ट आने में कुछ समय लगता है. विभाग का उद्देश्य है कि दीपावली की मिठास लोगों की सेहत पर भारी न पड़े. हालांकि सैंपल जांच प्रक्रिया में देरी से कार्रवाई में असर पड़ता है।

राज्य स्तर पर भी इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही सैंपल जांच प्रक्रिया को और तेज करने के लिए कदम उठाए जाएंगे-

मनोज दानी, सीएमएचओ दुर्ग

Comments (0)

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 256