किसानों के हक पर डाका — भूमि त्रुटि सुधार में लूट, बिजली संकट और फर्जी शराब दुकान प्रस्ताव से भड़के किसान

किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक का हीरेतरा में बैठक — 11 नवंबर को कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

निकेत ताम्रकार धमधा — किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक की एक महत्वपूर्ण बैठक हीरेतरा ग्राम में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने की। बैठक में किसानों की तीन प्रमुख समस्याओं — भूमि त्रुटि सुधार में भ्रष्टाचार, बिजली संकट, और अछोली शराब दुकान प्रकरण — पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इन तीनों मुद्दों पर 11 नवंबर को कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

भूमि त्रुटि सुधार बना किसानों की लूट का जरिया (Land Error Correction scam)

बैठक में सबसे पहले भूमि त्रुटि सुधार (Land Error Correction) को लेकर किसानों ने अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की। किसानों का आरोप है कि तहसील और राजस्व विभाग के अधिकारी — पटवारी और आरआई (राजस्व निरीक्षक) — किसानों को जानबूझकर परेशान कर रहे हैं।किसानों को मामूली भूमि सुधार के लिए बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, फिर भी काम नहीं होता। किसानों ने इसे एक संगठित लूट तंत्र बताया जो पटवारी स्तर से शुरू होकर ऊपरी अधिकारियों तक फैला है।
संगठन ने इस व्यवस्था को “किसानों के अधिकारों पर डाका” बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की।

“इश्तहार, पेशियां और बयान के बावजूद सुधार नहीं किया जाता। आखिरकार किसानों को मजबूर होकर पैसे देने पड़ते हैं, तभी काम आगे बढ़ता है।” किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल


बैठक में दूसरा बड़ा मुद्दा विद्युत व्यवस्था का रहा। किसानों ने बताया कि ठेलका सब-स्टेशन में कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे पूरे क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
किसानों ने कहा कि प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, परंतु आज तक कोई सुधार नहीं हुआ।


बैठक में तीसरा बड़ा मुद्दा अछोली ग्राम में शराब दुकान खोलने हेतु फर्जी पंचायत प्रस्ताव का उठा।
किसानों ने आरोप लगाया कि इस षड्यंत्र में जनपद पंचायत धमधा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की मिलीभगत है। किसानों के अनुसार विभाग ने फर्जी प्रस्ताव के आधार पर निविदा प्रक्रिया तक आगे बढ़ा दी।
हालांकि किसानों ने इस संबंध में कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत भी की थी, लेकिन अब तक कोई जांच शुरू नहीं की गई है। किसान बंधु संगठन ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में जल्द जांच नहीं हुई, तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।


बैठक में प्रमुख रूप से बाबा टेक सिंह चंदेल, आत्मा साहू (अध्यक्ष, किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक),
ढालू वर्मा (अध्यक्ष, लोधी समाज धमधा सर्किल),मोती वर्मा (सरपंच प्रतिनिधि),भुनेश्वर नेताम, भवानी सिन्हा, हीरालाल चंदेल, तेजराम चंदेल, महेंद्र चंदेल, जय प्रसाद विश्वकर्मा, और सोमा यादव उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने किसानों की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक आंदोलन का बिगुल फूंक देगा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311