सांदीपनि अकादमी, आछोटी परिसर में गरबा उत्सव 2025 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और परंपरागत माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा एवं माँ सरस्वती के पूजन से किया गया। पूजन के बाद गरबा नृत्य की शुरुआत हुई, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ ने पारंपरिक धुनों पर गरबे की प्रस्तुति देकर उत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नर्सिंग, फार्मेसी, आईटीआई, शिक्षा एवं डिग्री कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे नज़र आए, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक उत्सव की छटा बिखेरता रहा।
आयोजन में प्रतियोगिता स्वरूप सर्वश्रेष्ठ गरबा (पुरुष एवं महिला), सर्वश्रेष्ठ परिधान (पुरुष एवं महिला) के अलावा उत्साही सहभागिता हेतु चार विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विशेष रूप से सर्वश्रेष्ठ गरबा स्टाफ का सम्मान भी किया गया, जिससे शिक्षक और कर्मचारी वर्ग में भी उत्साह और बढ़ गया।
पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासन और जोश का परिचय देते हुए गरबा प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों और संगीत की थाप पर थिरकते कदमों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। उत्सव में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी ने सामूहिकता और सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कार वितरण एवं सामूहिक गरबा नृत्य के साथ हुआ। इस गरबा उत्सव ने विद्यार्थियों और स्टाफ को सांस्कृतिक बंधन में जोड़ते हुए पारंपरिक भारतीय विरासत के प्रति सम्मान और लगाव को और गहरा किया।


