*जितेन्द्र राजपूत छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के साजा ब्लॉक महामंत्री बने*

देवकर: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की संयुक्त बैठक में साजा ब्लॉक के लिए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इस बैठक में जितेन्द्र राजपूत को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, साजा ब्लॉक का महामंत्री नियुक्त किया गया है। जितेन्द्र राजपूत एक युवा और ऊर्जावान पत्रकार हैं, जिन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह बैठक साजा ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण कुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें निलेश साहू (जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, बेमेतरा), राजेन्द्र पटेल (जिलाध्यक्ष, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी), सूर्या सिंह चौहान (नगर अध्यक्ष, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, बेमेतरा), ढालेन्द्र साहू (जिला मीडिया प्रभारी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना), लुकेश्वर साहू (ब्लॉक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, बेमेतरा) और कन्हैया सिन्हा (नगर अध्यक्ष, देवकर, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना) जैसे प्रमुख अतिथि शामिल थे।

बैठक की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की आरती के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों ने संगठन के उद्देश्यों और कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिलाध्यक्ष निलेश साहू की अनुशंसा पर, ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण कुमार साहू ने जितेन्द्र राजपूत को महामंत्री पद पर नियुक्त करने की घोषणा की। इस नई जिम्मेदारी पर जितेन्द्र राजपूत ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने पद का निर्वहन करेंगे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 256