दुर्ग। ग्राम टेमरी (नगपुरा) में 20 सितंबर को मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामला महज हत्या नहीं बल्कि सुपारी किलिंग निकला। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है।
इस तरह हुआ खुलासा
टेमरी में पत्थर से कुचली हुई महिला की लाश मिलने के बाद चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव में मर्ग व अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों और एफएसएल टीम के सहयोग से जांच शुरू हुई। जांच में मृतका की पहचान गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े (निवासी पोटिया चौक, दुर्ग) के रूप में हुई।गंगोत्री 19 सितंबर की रात घर से यह कहकर निकली थी कि वह मकान मालिक के यहां खाना खाने जा रही है, लेकिन वापस नहीं लौटी।

पैसे और नौकरी का विवाद बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि गंगोत्री दो व्यक्तियों को नौकरी लगाने के नाम पर कई महीनों से रकम देती आ रही थी। जब नौकरी नहीं लगी तो उसने धमकी दी कि वह शिकायत करेगी। इस डर से आरोपी ने गंगोत्री को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी ने निर्भय जांगड़े को हत्या के लिए ₹1 लाख की सुपारी दी, जो बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। योजना बनाने में हेमलता बंजारे भी शामिल थी। हत्या की वारदात 19 सितंबर की रात गंगोत्री को ढाबा चलने के बहाने टेमरी ले जाया गया। वहां बेल्ट और चुनरी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और पहचान छुपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया। बाद में आरोपियों ने जेवर और मोबाइल छुपाने के साथ-साथ बाइक और सामान दूसरों को देकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने 25 सितंबर को निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- निर्भय जांगड़े (19), जालबांधा, खैरागढ़
- जयदीप साहू (19), कातुल बोर्ड, दुर्ग
- मनीष बंजारे (19), आशा नगर, दुर्ग
- पवन कुमार सिंह (18), कातुल बोर्ड, भिलाई
- हेमलता बंजारे (38), कातुल बोर्ड, भिलाई
- विधि से संघर्षरत बालक ,फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम संभावित स्थलों पर दबिश दे रही है।

